माधवनगर थाना क्षेत्र में गले मिलकर उड़ाए ₹30 हजार, शातिर जेबकतरे की तलाश में पुलिस
कटनी/आशीष चौधरी । माधवनगर थाना क्षेत्र में जेबकतरी का अनोखा मामला सामने आया है। रॉबर्ट लाइन स्थित शनि मंदिर के पास एक शातिर युवक ने पहले व्यापारी से आत्मीयता दिखाई, नमस्कार कर गले मिला और घर में कार्यक्रम होने का बहाना बनाकर कुछ देर बातचीत की। युवक के जाने के बाद व्यापारी को पता चला कि उसकी जेब में रखे ₹30 हजार नकद गायब हैं।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एडीएम लाइन क्षेत्र में रहता है और बारदाने का व्यापार करता है। 7 जुलाई की शाम करीब 5:45 बजे वह अपने गोदाम के बाहर शनि मंदिर के समीप खड़ा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक मंदिर में दर्शन करने के बाद उसके पास आया, नमस्कार किया और गले लगकर अपने घर में कार्यक्रम होने की बात कहते हुए निमंत्रण देने लगा। कुछ ही क्षण बाद वह वहां से चला गया।
युवक के जाने के बाद जब व्यापारी ने अपनी पैंट की जेब देखी तो उसमें रखे ₹30 हजार नकद गायब थे। घटना की जानकारी उसने अपने पड़ोसी शंकरलाल कटारिया को दी। दोनों ने आसपास अज्ञात युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
इसके बाद पीड़ित ने माधवनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को सामने आने पर पहचान सकता है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment