नो-एंट्री बनी मजाक, भारी वाहनों की बेलगाम एंट्री से ट्रैफिक व्यवस्था बेनकाब ट्रैफिक व्यवस्था पर बड़ा सवाल, चेकिंग के बावजूद शहर में घुसते रहे ट्रक


 

नो-एंट्री बनी मजाक, भारी वाहनों की बेलगाम एंट्री से ट्रैफिक व्यवस्था बेनकाब


ट्रैफिक व्यवस्था पर बड़ा सवाल, चेकिंग के बावजूद शहर में घुसते रहे ट्रक



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद नो-एंट्री नियमों का कथित रूप से लगातार उल्लंघन हो रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। मंगलवार को चांडक चौक क्षेत्र में ऐसा ही मामला सामने आया, जब भारी लोड से भरे तीन ट्रक नो-एंट्री के दौरान शहर में प्रवेश करते दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनमें से दो ट्रक चांडक चौक से गुजर गए, जबकि तीसरे ट्रक को पन्ना मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास यातायात पुलिस ने रोक लिया।

इस घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि जब शहर के प्रमुख चेकिंग पॉइंट पर यातायात पुलिस की तैनाती रहती है, तब भी भारी वाहन नो-एंट्री का उल्लंघन कर शहर में कैसे प्रवेश कर जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमों का प्रभावी पालन हो तो ऐसे वाहन शहर की सीमा में प्रवेश ही न कर सकें।

चर्चा का विषय यह भी बना हुआ है कि चांडक चौक, पन्ना मोड़ और झिंझरी जेल के समीप बने नो-एंट्री पॉइंट पर यातायात पुलिस के साथ कुछ निजी व्यक्ति भी लंबे समय तक ड्यूटी करते दिखाई देते हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठाया जा रहा है कि ये लोग किस अधिकार और किस व्यवस्था के तहत यातायात पुलिस के साथ कार्य कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, इन निजी व्यक्तियों की भूमिका को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग उठ रही है।

शहरवासियों का कहना है कि यातायात थाना प्रभारी बदलने के बाद भी व्यवस्था में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस प्रशासन और पुलिस अधीक्षक इस मामले का संज्ञान लेकर नो-एंट्री व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई करते हैं।







खबर के लिए सम्पर्क करे :9977535212

Post a Comment

Previous Post Next Post