हरदुआ आउटर पर ट्रैक किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी जीआरपी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर के हरदुआ रेलवे आउटर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब 4:30 बजे स्टेशन मास्टर को शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जीआरपी ने अज्ञात मृतक का मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है और संभावित पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। जीआरपी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल जीआरपी कटनी से संपर्क करें, ताकि उसकी पहचान कर परिजनों को सूचित किया जा सके।

Post a Comment