मिट्टी पर सीमेंट की परत चढ़ाकर बनाई जा रही नहर? ठरका टेंक से हीरापुर कोड़िया तक निर्माण में गुणवत्ता पर गंभीर सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :लाखो रुपये की लागत से तैयार की जा रही विकास योजनाओं की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। कटनी तहसील अंतर्गत ठरका टेंक से ग्राम हीरापुर कोड़िया तक लगभग ढाई किलोमीटर लंबाई में बन रही नहर के निर्माण कार्य में कथित रूप से मानकों की अनदेखी किए जाने के आरोप सामने आए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर निर्माण में मजबूत बेस तैयार करने के बजाय मिट्टी के ऊपर सीमेंट, गिट्टी और रेत की पतली परत डालकर काम पूरा किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि निर्माण कार्य अभी जारी है, लेकिन कई स्थानों पर नहर की सतह पर दरारें और गड्ढे दिखाई देने लगे हैं। इससे निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की टिकाऊ क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो संबंधित विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से मौजूद रहता है और न ही ठेकेदार का कोई अधिकृत प्रतिनिधि दिखाई देता है। पूरा निर्माण कार्य बाहरी राज्यों से आए मजदूरों के भरोसे कराया जा रहा है। ऐसे में कार्य की तकनीकी निगरानी किसके द्वारा की जा रही है, यह भी बड़ा सवाल बन गया है।
बताया जाता है कि इस नहर का अधिकांश हिस्सा ग्राम पंचायत हीरापुर कोड़िया की सीमा में निर्मित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में अभी से दरारें पड़ रही हैं तो भविष्य में नहर की स्थिति क्या होगी, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच करवाने और निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा नहीं की गई है। यदि विभाग या निर्माण एजेंसी का पक्ष सामने आता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972


Post a Comment