एक दिन, दो कार्रवाई... निवार पुलिस ने दो महिलाओं से पकड़ा करीब 500 ग्राम गांजा

 

एक दिन, दो कार्रवाई... निवार पुलिस ने दो महिलाओं से पकड़ा करीब 500 ग्राम गांजा


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी जिले के माधवनगर थाना अंतर्गत निवार चौकी पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक महिला के कब्जे से 235 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार(11/07/2026) तड़के करीब 2:55 बजे चौकी निवार पुलिस टीम ग्राम मोहनिया रोड क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान एक महिला अपने घर के बाहर एक व्यक्ति को संदिग्ध वस्तु देते हुए दिखाई दी। पुलिस को देखकर वह व्यक्ति मौके से फरार हो गया। संदेह होने पर पुलिस ने महिला को रोककर पूछताछ की।

महिला ने अपना नाम कौशर बी (42 वर्ष), पति शेख रोशन खान, निवासी शाहपुर बताया। उसके हाथ में रखी काले रंग की पन्नी की महिला पुलिस की उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पन्नी के अंदर गांजा जैसा पदार्थ मिला। पंचों की मौजूदगी में बरामदगी एवं पहचान की कार्रवाई पूरी की गई।

इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक तराजू से पदार्थ का वजन कराया गया, जिसमें कुल 235 ग्राम गांजा पाया गया। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में महिला से वैध लाइसेंस अथवा अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।

पुलिस ने गांजा को विधिवत सीलबंद कर जब्त करते हुए आरोपित महिला के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी। चूंकि बरामद गांजा अल्प मात्रा में था, अपराध में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान है तथा आरोपित स्थानीय निवासी एवं महिला होने के कारण उसे धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस देकर न्यायालय में उपस्थित होने की शर्त पर रिहा किया गया। वहीं, फरार हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाश भी पुलिस द्वारा की जा रही है।



इसी प्रकार -


माधवनगर थाना अंतर्गत निवार चौकी पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक महिला के कब्जे से 240 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को अपराध पतासाजी एवं रात्रि भ्रमण के दौरान ग्राम लालपुर रोड स्थित एक किराना दुकान के सामने एक महिला संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। महिला के हाथ में सफेद रंग की प्लास्टिक की पन्नी थी। पुलिस को देखकर वह छिपने का प्रयास करने लगी, जिससे संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।

महिला ने अपना नाम शकीला बानो उर्फ बेबी (48 वर्ष), पति शेख नवाब उर्फ भूरा, निवासी लालपुर बताया। महिला पुलिस एवं पंचों की मौजूदगी में उसकी तलाशी लेने पर पन्नी के अंदर गांजा जैसा पदार्थ मिला। मौके पर बरामदगी एवं तलाशी की वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई।

पुलिस ने महिला की किराना दुकान से इलेक्ट्रॉनिक तराजू मंगवाकर उसका सत्यापन किया और बरामद पदार्थ का वजन कराया। जांच में पन्नी के भीतर 240 ग्राम गांजा पाया गया। इसके बाद महिला से मादक पदार्थ रखने के संबंध में वैध अनुज्ञा पत्र या लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकी।

पुलिस ने गांजा को विधिवत सीलबंद कर जब्त करते हुए आरोपी महिला के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। चूंकि बरामद गांजा अल्प मात्रा में था तथा आरोपी महिला स्थानीय निवासी है, इसलिए न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप उसे धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस तामील कर न्यायालय में निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने की हिदायत देते हुए रिहा कर दिया गया। जब्त मादक पदार्थ को मालखाने में जमा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post