रात के अंधेरे में 40 साल पुराने तालाब को पाटने की कोशिश, ग्रामीणों के विरोध से मचा बवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस: जिले की जनपद कटनी के मझगवा पंचायत के पीछे स्थित लगभग 30 से 40 वर्ष पुराने तालाब को शनिवार रात कथित रूप से पाटने की कोशिश किए जाने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर रात करीब 8 से 10 बजे के बीच तालाब में मिट्टी डालने पहुंचे थे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। बढ़ते विरोध को देखते हुए जेसीबी और अन्य लोग वहां से वापस लौट गए, लेकिन इस दौरान विवाद की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यह तालाब वर्षों पुराना है और पूरे गांव के लोग इसके पानी का उपयोग करते हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग तालाब को अपनी निजी भूमि बताकर उसे पाटने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करते हुए तालाब को बचाने की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार विवाद की सूचना पर कुठला पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। घटना के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मझगवा पंचायत द्वारा इसी तालाब में पूर्व में मनरेगा योजना के तहत शासकीय राशि खर्च कर तालाब निर्माण एवं विकास कार्य कराया गया था। ऐसे में तालाब को पाटने की कोशिश पर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्ति जताई है।
विवाद के बीच ग्रामीणों ने पंचायत की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सरपंच संतोष निषाद एवं पंचायत सचिव की ओर से इस मामले में कोई हस्तक्षेप या रोक लगाने का प्रयास दिखाई नहीं दिया।
अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि यह तालाब शासकीय अभिलेखों में दर्ज है और उस पर सरकारी धन खर्च हुआ है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। अब देखना होगा कि जिला कलेक्टर इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर क्या कदम उठाते हैं।

Post a Comment