नोटिस-नोटिस के खेल से वार्ड क्रमांक 2 में तीन हजार रुपये वाले मामले को दबाने की कोशिश?
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । कटनी नगर निगम के वार्ड क्रमांक 2 में सफाई कर्मचारियों द्वारा लगाए गए तीन-तीन हजार रुपये की कथित वसूली के आरोप अब चर्चा का विषय बन गए हैं। कर्मचारियों ने इस संबंध में नगर निगम आयुक्त को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि 8 जुलाई 2026 को वार्ड दरोगा द्वारा प्रत्येक सफाई कर्मचारी से तीन-तीन हजार रुपये की मांग की गई।
मामले ने तूल पकड़ना शुरू किया तो कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन आरोप है कि दोषियों पर सख्त कदम उठाने के बजाय नगर निगम प्रशासन ने केवल नोटिस जारी कर जवाब-तलब करने की औपचारिकता निभाई। इसे लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
नगर निगम की कार्यशैली से जुड़े जानकारों का कहना है कि निगम में जब किसी अधिकारी या कर्मचारी को कठोर कार्रवाई से बचाना होता है तो उसे "नोटिस-नोटिस के खेल" में उलझा दिया जाता है। नोटिस जारी होने के बाद मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला जाता है और प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिलती।
जानकारों का कहना है कि नगर निगम में इससे पहले भी कचरा वाहन से शव ले जाने का मामला हो या एक ही दिन में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने जैसे विवाद, कई मामलों में नोटिस तो जारी हुए, लेकिन दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। ऐसे में वार्ड क्रमांक 2 के इस मामले में भी केवल नोटिस देकर खानापूर्ति किए जाने की चर्चा तेज हो गई है।
अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी केवल नोटिसों तक सीमित रह जाता है
खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment