कुठला थाना बना वाहन चोरों का आसान निशाना, कृषि यंत्र शोरूम से ट्रैक्टर ले उड़े बदमाश कुठला थाना क्षेत्र में बेलगाम वाहन चोर, ट्रक के बाद अब शोरूम से सोनालिका ट्रैक्टर चोरी


 कुठला थाना बना वाहन चोरों का आसान निशाना, कृषि यंत्र शोरूम से ट्रैक्टर ले उड़े बदमाश



कुठला थाना क्षेत्र में बेलगाम वाहन चोर, ट्रक के बाद अब शोरूम से सोनालिका ट्रैक्टर चोरी

कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । कुठला थाना क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। कुछ दिन पहले इसी थाना क्षेत्र से एक ट्रक चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसकी गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब पहरूआ गल्ला मंडी रोड स्थित खेर माई मंदिर के सामने संचालित गुप्ता कृषि यंत्र से देर रात एक सोनालिका ट्रैक्टर चोरी कर लिया गया। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं ने कुठला थाना पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 की रात लगभग 11:30 से 11:45 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने बड़ी ही शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम दिया। ट्रैक्टर चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के मार्ग का पता लगाने में जुटी है।

मुख्य मार्ग पर स्थित कृषि यंत्र की दुकान से ट्रैक्टर जैसी बड़ी वाहन की चोरी की घटना ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को भी चिंता में डाल दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही वाहन मालिक ने कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गल्ला मंडी रोड जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग पर नियमित एवं प्रभावी रात्रि गश्त होती, तो चोर इतनी आसानी से ट्रैक्टर चोरी कर नहीं ले जा पाते। लोगों का आरोप है कि ट्रक चोरी की घटना के बाद भी पुलिस ने रात्रि गश्त को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई, जिसका परिणाम है कि थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

गौरतलब है कि वर्तमान में कुठला थाना की कमान थाना प्रभारी अखिलेश दहिया के हाथों में है। ऐसे में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है और बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर कब तक प्रभावी अंकुश लगा पाती है।


Post a Comment

Previous Post Next Post