तेज रफ्तार का कहर: पीरबाबा के पास बेकाबू कार ने मचाई तबाही, दुकान में घुसी, बुजुर्ग गंभीर घायल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी-
माधव नगर थाना अंतर्गत कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पीरबाबा के समीप रविवार दोपहर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। जबलपुर की ओर से आ रही एक बेकाबू कार ने लापरवाही भरी रफ्तार के चलते सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की ताकत इतनी जबरदस्त थी कि खड़ी कार उछलकर पास की फूल-माला की दुकान में जा घुसी, जबकि सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग भी उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3:45 बजे हुआ। कार चालक वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और वाहन पर उसका नियंत्रण पूरी तरह समाप्त हो चुका था। दुर्घटना में शामिल कार का पंजीयन क्रमांक MP 20 CL 5382 बताया जा रहा है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि जिस समय कार फूल-माला की दुकान में घुसी, उस समय दुकान के भीतर कोई मौजूद नहीं था। यदि दुकान में लोग होते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक के नशे में होने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।

Post a Comment