सिटी मॉल के सामने चाकूबाजी करने वाले आरोपी गिरफ्तार, निकले आदतन अपराधी
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस -थाना कोतवाली पुलिस ने सिटी मॉल के सामने हुई चाकूबाजी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
दिनांक 15.07.2026 की रात्रि लगभग 08:45 बजे थाना कोतवाली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि बरही रोड स्थित सिटी मॉल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायल कुलदीप टीपा एवं दीपक टीपा, निवासी शिवनगर कटनी, को उपचार हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायल दीपक टीपा ने बताया कि वह अपने भाई कुलदीप टीपा तथा मित्र श्री मौर्य एवं यश चौहान के साथ सिटी मॉल-पंकज पैलेस के सामने सड़क पार कर रहा था। तभी हेमंत उर्फ टुंईया निषाद अपने साथी सागर निषाद के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर सागर निषाद ने दीपक के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि हेमंत उर्फ टुंईया ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए कुलदीप टीपा पर हेमंत ने जान से मारने की नीयत से चाकू से पेट पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 772/2026 अंतर्गत धारा 296(बी), 109(1), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना के तत्काल बाद कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए हेमंत निषाद उर्फ टुंईया पिता विजय निषाद (उम्र 21 वर्ष) एवं सागर निषाद पिता राजाराम निषाद (उम्र 29 वर्ष), दोनों निवासी आधारकाप, थाना कोतवाली, जिला कटनी, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं सुजुकी बर्गमैन स्कूटी क्रमांक MP-21-ZE-3406 जब्त की गई।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दीपक टीपा एवं उसके भाई कुलदीप टीपा के साथ मारपीट कर चाकू से जानलेवा हमला किया। जांच में पाया गया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपी हेमंत उर्फ टुंईया निषाद के विरुद्ध थाना कोतवाली एवं कुठला में पूर्व से 05 आपराधिक प्रकरण, जबकि आरोपी सागर निषाद के विरुद्ध थाना कोतवाली, कुठला एवं एनकेजे में पूर्व से 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :-8989601972

Post a Comment