"क्या इनके बस के बाहर है व्यवस्था?"
शटर तोड़कर 'नानक मशीनरी स्टोर' में हाथ साफ, CCTV का DVR भी ले गए चोर... फिर भी कैमरे में कैद हो गया चेहरा
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब बदमाश सिर्फ दुकान का सामान ही नहीं, बल्कि अपनी पहचान मिटाने के लिए सीसीटीवी सिस्टम भी उखाड़कर ले जा रहे हैं। ताजा मामला कुठला थाना क्षेत्र के पन्ना मोड़ स्थित नानक मशीनरी स्टोर का है, जहां देर रात शटर चटकाकर अज्ञात चोर करीब 80 हजार रुपये का माल समेट ले गए। हालांकि बदमाशों की चालाकी उस समय धरी रह गई, जब दुकान के दूसरे कैमरे में एक आरोपी का चेहरा साफ रिकॉर्ड हो गया।
पुलिस के अनुसार बांग्लादेश लाइन, माधवनगर निवासी राहुल जगवानी की खेरमाई मंदिर रोड स्थित नानक मशीनरी स्टोर में 17-18 जून की दरमियानी रात करीब 12 बजे से 3:30 बजे के बीच चोरी हुई। चोर शटर तोड़कर दुकान में घुसे और महंगे मशीनरी पार्ट्स समेटने के बाद सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर तथा वाई-फाई मॉडम राउटर भी उखाड़कर ले गए, ताकि वारदात का कोई सबूत न बच सके।
लेकिन बदमाश यह नहीं जान पाए कि दुकान और आसपास लगे अन्य कैमरों में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो चुकी हैं। फुटेज में एक संदिग्ध का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान में जुट गई है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंच बनाई जा सकती है।
शिकायत के आधार पर कुठला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 520/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(a) के तहत प्रकरण कायम कर लिया है। मामले की विवेचना प्रधान आरक्षक (कार्यवाहक) अजीत मिश्रा कर रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दहिया के निर्देशन में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
खबरों के लिए लेख :8989601972

Post a Comment