*समदड़िया सिटी में जलभराव से त्रस्त रहवासियों ने सौंपा ज्ञापन* *समिति ने नगर पालिका निगम कटनी मे मांग-पत्र सौंपकर स्थायी समाधान की उठाई मांग*


*समदड़िया सिटी में जलभराव से त्रस्त रहवासियों ने सौंपा ज्ञापन*

*समिति ने नगर पालिका निगम कटनी मे मांग-पत्र सौंपकर स्थायी समाधान की उठाई मांग*

कटनी। माधवनगर स्थित समदड़िया सिटी कॉलोनी में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या को लेकर रहवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में साईं कृपा जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं कॉलोनीवासियों ने नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा तथा समस्या के स्थायी निराकरण की मांग की।

समिति ने ज्ञापन में बताया कि पिछले 14 वर्षों से हर बारिश में कॉलोनी जलमग्न हो जाती है। कई स्थानों पर चार फीट तक पानी भर जाने से लोगों के घरों में पानी घुस जाता है और जनजीवन प्रभावित होता है। रहवासियों का कहना है कि वर्ष 2012 से बिल्डर, नगर निगम और जिला प्रशासन को कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कॉलोनी निर्माण के दौरान बनाए गए नाले को शासकीय दुगाड़ी नाले से नहीं जोड़ा गया। इसके अलावा, नाले का अंतिम हिस्सा निजी भूमि पर छोड़ दिए जाने के कारण वहां प्लॉटिंग और बाउंड्रीवॉल बनने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।

समिति के अनुसार, वर्ष 2017 में उच्च न्यायालय में जनहित याचिका के बाद नए नाले के निर्माण का लेआउट स्वीकृत किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान स्वीकृत नक्शे में बदलाव कर दिया गया, जिससे जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई।

रहवासियों ने नगर निगम द्वारा अधूरी कॉलोनी का टेकओवर प्रमाणपत्र जारी किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। समिति ने मांग की है कि नाले को शासकीय दुगाड़ी नाले से जोड़कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कॉलोनीवासियों को हर वर्ष होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post