विद्युत विभाग की लापरवाही ने ली बेजुबान की जान, करंट उतरे बिजली खंभे से गाय की मौत, टला बड़ा हादसा


 

विद्युत विभाग की लापरवाही ने ली बेजुबान की जान, करंट उतरे बिजली खंभे से गाय की मौत, टला बड़ा हादसा


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर के कुठला क्षेत्र स्थित इंडिया होटल के पास  विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई। बिजली के खंभे में करंट उतर आने से एक गाय उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार यदि उसी समय कोई बच्चा, राहगीर या दोपहिया चालक खंभे के संपर्क में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली के खंभों का नियमित निरीक्षण और रखरखाव नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर तकनीकी खराबी को दूर किया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। वहीं नगर निगम के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर मृत गाय को हटवाने की व्यवस्था कराई।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों ने मांग की है कि शहर के सभी बिजली खंभों की तत्काल जांच कराई जाए और जहां भी करंट उतरने या अन्य तकनीकी खामी की आशंका हो, उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बेजुबान या आम नागरिक की जान खतरे में न पड़े।

Post a Comment

Previous Post Next Post