थाने की चौखट लांघकर भागा आरोपी, कटनी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बेनकाब
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस अभिरक्षा प्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। माधवनगर थाने में चोरी के मामले में पूछताछ के लिए लाया गया एक आरोपी पुलिस की निगरानी को चकमा देकर थाने से ही फरार हो गया। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी की तलाश में तत्काल कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान सोनू साहू (22), पिता कालू साहू, निवासी बिलहरी (वर्तमान पता केवारा फाटक) के रूप में हुई है। उसे माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित अमकुही पहाड़ी की दो फैक्ट्रियों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।
थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि फैक्ट्रियों में हुई चोरी के संबंध में अपराध क्रमांक 441/26 एवं 481/26 दर्ज हैं। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर सोनू साहू को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह लगभग 7:30 से 8:00 बजे के बीच पूछताछ की प्रक्रिया के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों की नजर बचाई और मौका मिलते ही थाने से भाग निकला। थाने के भीतर से आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद शहर सहित केवारा फाटक और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
इस घटना ने पुलिस की अभिरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस समय जिले में चोरी, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस लगातार सख्ती का दावा कर रही है, उसी दौरान थाने के भीतर से आरोपी का फरार हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि माधवनगर पुलिस फरार आरोपी को कितनी जल्द गिरफ्तार कर अपनी साख बचाने में सफल होती है और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
खबर के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment