नो-एंट्री में घुसा रेत से ओवरलोड ट्रक MP20GA6090 बना हादसे की वजह, कुठला थाना क्षेत्र में कार को 40 फीट तक घसीटा
साईं मंदिर के पास बड़ा हादसा टला, कुठला पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत कटनी-दमोह-पन्ना मार्ग स्थित साईं मंदिर के पास गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नो-एंट्री में घुसे रेत से ओवरलोड ट्रक ने एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टाल दिया। तेज रफ्तार छह चक्का ट्रक क्रमांक MP20GA6090 ने आगे चल रही कार को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर घूम गई और लगभग 40 फीट तक घिसटती चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए कार का दरवाजा खोलकर उसमें सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इतना भीषण हादसा होने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहन लगातार शहर में प्रवेश कर रहे हैं। रेत से ओवरलोड ट्रकों की तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब शहर में नो-एंट्री लागू है, तो MP20GA6090 जैसे भारी वाहन आखिर किसकी निगरानी में शहर के भीतर पहुंच रहे हैं?
घटना की सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया तथा ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Post a Comment