संत रविदास जयंती पर जिले में 20 अगस्त से 10 सितंबर तक आयोजित होगी समरसता संकल्प यात्रा
20 अगस्त को आयोजित होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, अधिकारियों को सौंपे गये दायित्व
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस - संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले में गुरूवार, 20 अगस्त से 10 सितंबर तक निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार कलश-रथ यात्रा निकाली जाएगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के समुचित संचालन, विभिन्न व्यवस्थाओं के निर्वहन हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये हैं। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों के अनुसार समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए समरसता यात्रा का सफल संचालन कराने के निर्देश दिये गये हैं।
*संतगण, जनप्रतिनिधि एवं आमजन होंगे शामिल*
समरसता यात्रा में विशिष्ट संतगण, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद, सदस्य तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ यात्रा दल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, सामाजिक सद्भाव और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
*अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां*
जारी आदेश के अनुसार समरसता यात्रा के समुचित संचालन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जबकि शांति एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक को दी गई है।
इसी प्रकार जिला संयोजक अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं एसडीएम कटनी, विजयराघवगढ़, बहोरीबंद एवं ढीमरखेड़ा को अनुभाग स्तरीय नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार कलश व रथ यात्रा के सफल संचालन की जिम्मेदारी समस्त जनपद पंचायत सीईओ व विकासखण्ड समन्वयक जन अभियान परिषद को दी गई है।
जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर समरसता यात्रा दल में शामिल नेतृत्वकर्ता, संत, समन्वयक व कोर ग्रुप के सदस्यों के लिये आवश्यक व्यवस्था करने की जिम्मेदारी जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, समस्त जनपद पंचायत सीईओ, जिला योजना अधिकारी को दी गई है।
इसी प्रकार जन संवाद स्थल का चयन एवं आवश्यक व्यवस्था एवं निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार विभिन्न स्थानों पर पहुंचने के पूर्व आसपास की ग्राम पंचायतों पर संत शिरोमणी गुरूदेव रविदास द्वारा रचित भजनों पर आधारित भजन संध्या का आयोजन स्थानीय कला मंडलों के द्वारा कराने व इसके लिए बैनर भी उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले के विभिन्न स्थलों पर समरसता यात्रा पहुंचने के दो दिवस पूर्व से प्रत्येक ग्राम एवं नगर केन्द्र में मुनादी एवं प्रचार-प्रसार कराने की जिम्मेदारी नगर पालिक निगम, नगर पालिका अधिकारी एवं समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ की दी गई है।
जबकि यात्रा के दौरान सभी शासकीय व निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों में संत रविदास के जीवन पर आधारित जिला स्तृरीय चित्रकला, निबंध, भाषण व गायन प्रतियोगिता का आयोजन एवं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान करने तथा ऑडियो विजुअल सामग्री का विद्यालयों, महाविद्यालयों में प्रदर्शन करने एवं प्रतिवेदन कार्यालय जिला संयोजक अनुसूचित जाति एवं जनजातिय कार्य को उपलब्ध कराने की जिम्मेवदारी जिला शिक्षा अधिकारी व प्राचार्य तिलक महाविद्यालय को दी गई है।
समरसता यात्रा के दौरान कंट्रोल रूम एवं सर्व संबंधितों से समन्वय स्थापित कराने की जिम्मेदारी लोक सेवा प्रंबधन विभाग व जिला समन्वयक जन अभियान परिषद को दी गई है। वहीं यात्रा दल के लिए एम्बुलेंस सहित चिकित्सा दल की व्यवस्था मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी करेंगे।
इसी प्रकार यात्रा मार्ग पर आने वाले ग्रामों व स्थानों पर स्वागत के लिए महिलाओं की कलश यात्रा का आयोजन कराने एवं संवाद स्थल पर महिलाओं, स्व-सहायता समूहों की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल तथा जिला समन्वयक जन अभियान परिषद को दी गई है।

Post a Comment