रंगनाथनगर थाना पुलिस ने 54 लीटर अवैध शराब के साथ स्कूटी सवार को पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में कार्रवाई, ₹30 हजार की शराब व स्कूटी जब्त

 

रंगनाथनगर थाना पुलिस ने 54 लीटर अवैध शराब के साथ स्कूटी सवार को पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में कार्रवाई, ₹30 हजार की शराब व स्कूटी जब्त



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस    । रंगनाथनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 54 लीटर लाल मसाला शराब के साथ एक आरोपी को स्कूटी समेत गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान शराब उपलब्ध कराने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹30 हजार कीमत की शराब और स्कूटी क्रमांक MP 21 ZH 9350 जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को अपराध पतासाजी एवं पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगल नगर पुलिया के पास एक व्यक्ति स्कूटी से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर स्कूटी सवार भागने लगा। पीछा करने पर वह भूत बंगला रेलवे लाइन के पास स्कूटी की चाबी छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे थैले से 54 लीटर लाल मसाला शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान युवराज उर्फ हनीश सिक्कलवाल (20), निवासी फॉरेस्टर वार्ड, झर्रा टुकरिया के रूप में हुई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 355/2026, धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि युवराज कथित तौर पर यह शराब कमलेश चौधरी (47), निवासी फॉरेस्टर वार्ड के कहने पर लेने गया था। इसके बाद पुलिस ने कमलेश चौधरी को भी गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बहादुर सिंह सहित प्रधान आरक्षक महेन्द्र दुबे, लालजी यादव, रामनरेश शुक्ला तथा आरक्षक बृजेश, रोहित झारिया और वीरेंद्र की भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post