आवासीय नक्शे पर चल रहा था रेस्टोरेंट, निगम की जेसीबी पहुंची तो मचा हड़कंप
कलेक्टर कार्यालय के समीप स्वाद रेस्टोरेंट में निगम की कार्रवाई; संचालक ने दिया लिखित आश्वासन, फिलहाल लौट गई टीम
कटनी/न्यूज एमपी एक्सप्रेस। कटनी कलेक्टर कार्यालय के समीप पेट्रोल पंप के बाजू से संचालित स्वाद रेस्टोरेंट में सोमवार को उस समय हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई, जब नगर निगम का अमला जेसीबी मशीन और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंच गया। निगम की टीम और जेसीबी को देखकर आसपास के क्षेत्र में भी कार्रवाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार नगर निगम को शिकायत मिली थी कि जिस भवन में स्वाद रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा है, उसका स्वीकृत नक्शा आवासीय उपयोग के लिए है, जबकि मौके पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही स्थल पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत भी निगम को प्राप्त होने की बात सामने आई है।
जेसीबी के साथ पहुंचा निगम का अमला
शिकायतों के आधार पर नगर निगम का अमला सोमवार को मौके पर जांच एवं कार्रवाई के लिए पहुंचा। टीम के साथ जेसीबी मशीन भी मौजूद थी। इससे माना जा रहा था कि निगम द्वारा मौके पर अतिक्रमण अथवा नियम विरुद्ध निर्माण के संबंध में कार्रवाई की जा सकती है।
निगम अधिकारियों ने मौके पर भवन से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली और भवन के स्वीकृत उपयोग तथा वहां संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर रेस्टोरेंट संचालक से जवाब मांगा।
दस्तावेज दिखाए, संचालक ने दिया लिखित आश्वासन
कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट संचालक निलेश चौदहा द्वारा निगम अधिकारियों के समक्ष उपलब्ध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। इसके बाद संचालक की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि संबंधित स्थल पर तत्काल प्रभाव से व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन बंद रखा जाएगा।
लिखित आश्वासन में यह भी कहा गया कि रेस्टोरेंट अथवा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन तब तक नहीं किया जाएगा, जब तक इसके लिए नियमानुसार आवश्यक अनुमति प्राप्त नहीं कर ली जाती।
संचालक के लिखित आश्वासन के बाद नगर निगम की टीम ने फिलहाल मौके पर प्रस्तावित कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई और वापस लौट गई।
दबाव की चर्चाएं, आधिकारिक पुष्टि नहीं
नगर निगम की कार्रवाई के बाद शहर में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया। कार्रवाई को प्रभावित करने के लिए राजनीतिक स्तर पर दबाव बनाए जाने की चर्चाएं भी सामने आईं। हालांकि, राजनीतिक दबाव के संबंध में नगर निगम अथवा किसी संबंधित अधिकारी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब सवाल यह है कि भवन का स्वीकृत उपयोग क्या है, रेस्टोरेंट संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियां मौजूद हैं या नहीं और स्थल पर अतिक्रमण की शिकायत कितनी सही है। इन बिंदुओं पर नगर निगम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल संचालक के लिखित आश्वासन के बाद निगम की कार्रवाई थम गई है, लेकिन आगे निगम क्या कदम उठाता है, इस पर निगाहें टिकी हैं।
खबरों के लिए सम्पर्क सूत्र :8989601972

Post a Comment