कीचड़ में बैठकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सीवर के बाद बदहाल सड़कों पर फूटा गुस्सा
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । सीवर लाइन बिछाने के बाद बदहाल पड़ी सड़कों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को नगर निगम प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। विवेकानंद चौक, रामनिवास सिंह वार्ड, फॉरेस्टर वार्ड और कावसजी वार्ड की जर्जर सड़कों की हालत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर जमा हुए और कीचड़ के बीच बैठकर धरना दिया।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद राजेश कुमार के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद भी सड़कों की सुध नहीं ली गई। बारिश के चलते यही बदहाल सड़कें अब कीचड़, गड्ढों और जलभराव से लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और फिसलन के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर कार्य के बाद सड़क बहाली में हो रही देरी ने समस्या को और गंभीर कर दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सीवर लाइन का कार्य पूरा होने वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सड़कों का निर्माण कराया जाए। प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी गई कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
धरना प्रदर्शन में दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, सोनू गुप्ता, राजा जगबनी, कमल पांडे, लखन चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment