‘कटनी महापौर’ लिखी गाड़ी का बीमा खत्म होने का दावा, यातायात नियमों पर उठे सवाल आम वाहन चालकों पर सख्ती, ‘कटनी महापौर’ लिखे वाहन MP 20 CB 6424 की बीमा स्थिति पर उठे सवाल



 ‘कटनी महापौर’ लिखी गाड़ी का बीमा खत्म होने का दावा, यातायात नियमों पर उठे सवाल

आम वाहन चालकों पर सख्ती, ‘कटनी महापौर’ लिखे वाहन MP 20 CB 6424 की बीमा स्थिति पर उठे सवाल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :। सड़क पर वाहन चलाने के लिए बीमा अनिवार्य है। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग समय-समय पर अभियान चलाकर वाहन चालकों से बीमा, लाइसेंस, फिटनेस और अन्य दस्तावेजों की जांच करते हैं। लेकिन कटनी में अब एक ऐसे वाहन को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिस पर ‘कटनी महापौर’ लिखा हुआ है। वाहन क्रमांक MP 20 CB 6424 के बीमा को लेकर दावा किया जा रहा है कि उसका बीमा लंबे समय (21 अगस्त 2022)से समाप्त है।

हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा किया जाना बाकी है। यदि वाहन का बीमा वास्तव में वैध नहीं है और इसके बावजूद वह सार्वजनिक सड़कों पर संचालित हो रहा है, तो मामला महज एक वाहन के दस्तावेज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यातायात नियमों के समान रूप से पालन कराने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करेगा।

निगम के कार्यक्रमों में नजर आने वाली गाड़ी

बताया जा रहा है कि उक्त वाहन का उपयोग महापौर के आवागमन के साथ नगर निगम से जुड़े कार्यक्रमों, भूमि पूजन और अन्य सार्वजनिक गतिविधियों में किया जाता है। ऐसे में वाहन का सार्वजनिक सड़कों पर नियमित आवागमन होना स्वाभाविक है। यही वजह है कि वाहन की वैध बीमा स्थिति को लेकर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच जरूरी हो गई है।

आम वाहन चालक से दस्तावेज, फिर इस वाहन की जांच कब?

शहर में यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन जांच अभियान चलाए जाते हैं। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट, चारपहिया चालकों से सीट बेल्ट और सभी वाहन चालकों से लाइसेंस, बीमा सहित अन्य दस्तावेज मांगे जाते हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालानी कार्रवाई भी की जाती है।

ऐसे में सवाल यह है कि यदि किसी आम नागरिक के वाहन का बीमा समाप्त मिलने पर कार्रवाई की जाती है, तो किसी जनप्रतिनिधि से जुड़े वाहन की भी उसी आधार पर जांच क्यों नहीं होनी चाहिए?

नियम की कसौटी व्यक्ति देखकर नहीं, वाहन और दस्तावेज देखकर तय होनी चाहिए।

बीमा खत्म मिला तो जिम्मेदारी किसकी?

मोटर वाहन अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थान पर वाहन चलाने के लिए वैध थर्ड पार्टी बीमा आवश्यक है। यदि जांच में MP 20 CB 6424 का बीमा समाप्त पाया जाता है और वाहन सार्वजनिक सड़क पर संचालित होना भी प्रमाणित होता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की स्थिति बन सकती है।

ऐसे में सबसे पहले परिवहन विभाग अथवा यातायात पुलिस को वाहन के पंजीयन और बीमा की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इससे लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता भी सामने आ जाएगी और विभाग की कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब भी मिल सकेगा।

सवाल वाहन से ज्यादा व्यवस्था पर

मामला किसी व्यक्ति विशेष को कठघरे में खड़ा करने से ज्यादा नियमों के समान अनुपालन का है। यदि बीमा वैध है तो जांच के बाद स्थिति साफ हो जाएगी और यदि बीमा समाप्त पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई होना चाहिए।

क्योंकि सड़क पर कानून की नजर में वाहन का मालिक या उससे जुड़ा पद नहीं, बल्कि उसके दस्तावेज मायने रखते हैं। जब आम वाहन चालक से नियमों के पालन की उम्मीद की जाती है, तो जनप्रतिनिधियों से जुड़े वाहनों पर भी वही नियम लागू होना चाहिए।

अब नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग MP 20 CB 6424 की बीमा स्थिति की जांच कर वास्तविकता सामने लाते हैं या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post